शिकारपुर रोड पर सड़क हादसे के बाद सड़क किनारे रुकी रोडवेज। संवाद
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में शिकारपुर रोड पर रोडवेज बस ने टेंपो को टक्कर मार दी। इससे टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ पर रखी कांवड़ों से टकरा गया। जिससे कांवड़ खंडित हो गईं। गुस्साए कांवड़ियों ने बस ड्राइवर को पकड़ लिया और हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया।
नरौरा थाना क्षेत्र के गांव बेलोन निवासी शिवभक्त बीते दिनों कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गए थे। जहां से वह जल लेकर बेलोन के लिए पैदल ही निकले थे। बताया गया कि सोमवार को वह बुलंदशहर शिकारपुर बाईपास से पैदल ही बेलोन के लिए जा रहे थे। इनमें से चार कांवड़िए बाईपास से करीब एक किलोमीटर दूर गांव नया बांस के निकट पहुंचे तो चाय पीने के लिए एक ढाबे पर रुक गए। इस दौरान उन्होंने अपनी-अपनी कांवड़ सड़क किनारे एक पेड़ पर टांग दीं।
इसी दौरान बुलंदशहर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार नोएडा डिपो की रोडवेज बस ने आगे चल रहे टेंपो में टक्कर मार दी। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दूसरी साइड में खाई में पहुंच कर जा रुकी। जबकि, टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ पर टांगी गई कांवड़ों से टकरा गया। जिससे कांवड़ जमीन पर गिरकर खंडित हो गईं। जिसके बाद शिवभक्त आक्रोशित हो गए। उन्होंने दौड़कर आरोपी बस चालक को पकड़ लिया। हंगामे की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। जिन्होंने शिवभक्तों को समझा-बुझाकर शांत किया। साथ ही उन्हें उनके गंतव्य की ओर शांतिपूर्वक रवाना किया।
बस ओर टेंपो की मामूली भिड़ंत हुई थी। कांवड़ यात्री उस दौरान ढाबे पर चाय पी रहे थे। किसी को चोट नहीं पहुंची है। सभी शिवभक्तों को समझा बुझाकर शांत कर उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है। - विकास प्रताप सिंह चौहान, सीओ सिटी