खुर्जा के इस्लामाबाद गांव में रजवाहा कटने के बाद रास्ता तैयार करते ग्रामीण। संवाद
खुर्जा। खुर्जा तहसील के इस्लामाबाद गांव में एक रजवाहा (छोटी नहर) के कट जाने बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। घरों में पानी भर जाने से ग्रामीण अपने आशियाने छोड़ने को मजबूर हैं। घरों में रखा सामान खराब हो गया। वहीं फसल, घरेलू सामान, कपड़े और भोज्य पदार्थ खराब हो गए।
हसनगढ़ ग्राम पंचायत के इस्लामाबाद गांव में वलीपुरा नहर से निकलने वाला रजवाहा गुजरता है। गांव निवासी आबिद ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद रजवाहा में पानी ओवरफ्लो हो गया और रजवाहा कट गया, जिससे सारा पानी खेतों के रास्ते से गांव के आवासीय क्षेत्र में पहुंच गया।
सुबह सात बजे तक गांव की सड़कों पर दो से तीन फुट गहराई तक पानी भर गया। ग्रामीण लियाकत ने बताया कि बारिश व जलभराव के कारण उनके मकान की दीवार टूटकर गिर गई। गनीमत रही कि इससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सारा सामान खराब हो गया। इसके अलावा गांव में रहने वाले युसूफ, अमजद, अलीम, कल्लन, जफरू, नासिर, सलमान आदि के मकानों में पानी भर गया।
ग्रामीणों ने अपने परिवार के लोगों को अन्य ग्रामीणों के घरों तक पहुंचाया। सभी ने एक साथ जुटकर गांव में मिट्टी के कट्टे डालकर व पत्थर भरकर चलने के लिए रास्ता बनाया, जिससे बच्चे व महिलाएं सुरक्षित स्थान पर जा सकें। सिंचाई विभाग के एसडीओ सौरभ पटेल ने बताया कि रजवाहा ओवरफ्लो हो गया था। पानी के बहाव को बुलंदशहर की ओर से रोक दिया गया है।