बुलंदशहर/अहार। अहार क्षेत्र के गांव चांसी और आसपास के गांवों में तेंदुआ की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। वन विभाग ने तेंदुआ की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए गांवों में चेतावनी के पोस्टर लगाए हैं। सूचना के लिए मोबाइल फोन नंबर भी जारी किया गया है। तेंदुआ को पकड़ने के लिए दो पिंजरे भी लगाए हैं। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तेंदुआ पकड़ने के लिए गांव में डेरा डाला हुआ है।
गांव चांसी में चार दिन पहले रात में एक किसान के ट्यूबवेल की छत पर तेंदुआ देखे जाने का दावा किया था। इसके बाद भी ग्रामीणों ने कई बार तेंदुआ देखने की बात कही थी। दूसरी ओर तेंदुआ न पकड़े जाने पर वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया था। ग्रामीणों के रोष को देखते हुए वन विभाग की टीम ने तेंदुआ की तलाश तेज कर दी है।
टीम ने जांच के बाद तेंदुआ की मौजूदगी की पुष्टि की है। तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में देखा गया है। इसके बाद वन विभाग की टीम ने गांव चांसी में डेरा डाल दिया है। चांसी के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी चेतावनी वाले पोस्टर चस्पा किए गए हैं। पोस्टरों में लोगों से रात में अकेले न निकलने और बच्चों को खेतों की ओर न भेजने की अपील की गई है।
क्षेत्र में तेंदुआ की मौजूदगी की पुष्टि के बाद चांसी और आसपास के गांवों के लोग सहमे हुए हैं। वे रात जागकर काट रहे हैं और अपने बच्चों को अकेला बाहर नहीं भेज रहे हैं। खेतों में झुंड बनाकर और लाठी-डंडों के साथ जा रहे हैं। रात में पहरा दे रहे हैं।
-
शिव भक्तों को भी किया आगाह, मोबाइल फोन नंबर जारी
अहार में गंगा किनारे महाभारत कालीन अंबकेश्वर महादेव मंदिर है। यहां पर 11 जुलाई को शिवरात्रि के चलते मेला लगेगा। साथ ही बड़ी संख्या में शिव भक्त कांवड़ चढ़ाने और जलाभिषेक करने के लिए पहुंचेंगे। श्रावण मास में कांवड़ और शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। इसे देखते हुए वन विभाग ने शिव भक्तों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पोस्टरों के माध्यम से कांवड़ियों को जंगल और सुनसान रास्तों से न जाने की सलाह दी गई है। वन दरोगा प्रमोद भारती ने बताया कि तेंदुआ को पकड़ने के लिए गांव चांसी में दो पिंजरे लगाए गए हैं। इसके अलावा कैमरा और जाल लगाए गए हैं। टीमें दिन-रात गश्त कर रहीं हैं। ट्रैप कैमरे और पदचिन्हों के आधार पर तेंदुआ की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। ग्रामीणों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें। शाम के बाद समूह में ही निकलें, टॉर्च साथ रखें और तेंदुआ दिखने पर तुरंत मोबाइल नंबर 8630952495 के सूचना दें। घर के बाहर न सोएं और पशुओं का भी ध्यान रखें।
कोट
गांव चांसी व आसपास के क्षेत्र में तेंदुआ की मौजूदगी की पुष्टि हो गई है। इसे पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। तेंदुआ को जल्द पकड़ लिया जाएगा। - डॉ. हरेंद्र सिंह, डीएफओ
चामुंडा मंदिर परिसर में निकला अजगर, पकड़कर वन विभाग को सौंपा
फोटो: जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव डबकोरा स्थित चामुंडा मंदिर परिसर में बुधवार देर रात अजगर निकल आया। इससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीण संजू ठाकुर और धर्मेंद्र शर्मा सहित अन्य लोगों ने साहस दिखाया। उन्होंने पूरी सावधानी से अजगर को काबू कर एक कट्टे में बंद कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग की टीम को बुलाया। वन विभाग के अधिकारियों ने अजगर को अपने कब्जे में लिया। वन विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने के लिए रवाना किया। संवाद
गांव के तालाब में दिखा मगरमच्छ, बकरी पर हमले की कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी
छतारी। थाना क्षेत्र के गांव त्यौर बुजुर्ग में बृहस्पतिवार को गांव के तालाब में एक मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ के दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। बड़ी संख्या में लोग तालाब के आसपास एकत्र हो गए। मगरमच्छ ने बकरी पर हमला करने की कोशिश की।
त्यौर बुजुर्ग गांव निवासी सोनू गुप्ता ने बताया कि तालाब के किनारे चर रही एक बकरी पर मगरमच्छ ने हमला करने का प्रयास किया, तभी मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बकरी को बचा लिया। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। लोगों ने बच्चों व पशुओं को तालाब के आसपास जाने से रोक दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग को मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना दी है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। वन क्षेत्राधिकारी आदित्य सिंह ने बताया कि डिप्टी रेंजर बीरेंद्र सिंह, वनरक्षक पवन कुमार को मौके पर भेज दिया गया है। टीम मगरमच्छ की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
अहार क्षेत्र के गांव चांसी में तेंदुआ पकड़ने के लिए लगाया गया पिंजरा। संवाद