संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। सिकंदराबाद में अवैध रूप से चल रहे टैक्सी स्टैैंड के संचालकों से मिलीभगत के मामले में एसएसपी ने दादरी गेट चौकी इंचार्ज समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
एसएसपी कार्यालय पर बीते दिनों जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति ने सिकंदराबाद क्षेत्र की दादरी गेट चौकी में अवैध टैक्सी स्टैंड संचालित होने की शिकायत की थी। इस मामले की जांच एसएसपी ने एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी को सौंपी। जिस पर एसपी सिटी ने मामले की गहनता से जांच की। जिसमें टैक्सी स्टैंड का संचालन करने वाले आरोपी फरमान और शकील के नाम प्रकाश में आए। साथ ही दोनों आरोपियों की दादरी गेट चौकी के इंचार्ज समेत अन्य चार पुलिसकर्मियों के साथ नजदीकी पाई गई। जांच के बाद एसपी सिटी ने अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी। साथ ही आरोपी फरमान और शकील को जेल भेज दिया गया। जांच रिपोर्ट आने पर एसएसपी ने दादरी गेट चौकी इंचार्ज ज्ञानेश कुमार, हैड कांस्टेबल सूबेराम नागर, राजीव त्यागी और कांस्टेबल विपिन बैंसला व सुरजीत धामा को निलंबित कर दिया है। साथ ही एसएसपी ने जनपद में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाएगा तो उसके खिलाफ निलंबन समेत अन्य विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि दादरी गेट चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। जल्द ही आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।