कबाड़ में तब्दील हो गया 50 लाख की लागत से बना एक्सपो सेंटर
बुलंदशहर। पॉटरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया एक्सपो सेंटर कबाड़ में तब्दील हो चुका है। कार्यालय में लगाई गईं एसी गायब हैं। जेनरेटर भी खराब होने की कगार पर है। एक्सपो परिसर में बनाई गई 18 दुकानें व्यापारियों को आवंटित तो की गईं लेकिन अभी तक शुरू नहीं की जा सकीं हैं। परिसर में झाड़ियां खड़ी हुई हैं।
वर्ष 2020 में खुर्जा के पॉटरी उद्योग को बढ़ावा देने और एक ही छत के नीचे पॉटरी से संबंधित पूरा सामान उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने करीब 50 लाख रुपये की लागत से एक्सपो सेंटर शुरू किया था। अधिकारियों का मानना था कि विभिन्न पॉटरियों में बनाए गए सामान को जब एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया जाएगा तो इससे व्यापार और बढ़ेगा। लोगों को भी खरीदारी में सहूलियत होगी। इसके लिए एक्सपो सेंटर तैयार करते हुए डेढ़ दर्जन से अधिक दुकानें और कार्यालय के साथ ही सेंटर में बैठक हॉल भी तैयार किया गया था। निर्बाध बिजली सप्लाई के लिए जेनरेटर लगाया गया था।
दो वर्ष बाद हालात यह है कि न तो एक्सपो सेंटर शुरू हो सका है और न ही सेंटर परिसर में बनाई गई दुकानों में व्यापारियों ने अपना व्यापार शुरू किया है। जेनरेटर अब होने की कगार पर है। बैठक हॉल और कार्यालय में लगाए गए एसी गायब हैं। सेंटर के बाहर अवैध रूप से बड़े वाहन खड़े रहते हैं।
सीडीओ ने बैठक में दिए निर्देश, फिर भी कार्रवाई नहीं
एक्सपो सेंटर शुरू करने के लिए सेंटर समिति को सीडीओ ने निर्देश भी दिए थे, लेकिन अभी तक उस पर अमलीजामा नहीं पहनाया गया है। बताया जा रहा है कि इस सेंटर को संचालित करने के लिए सेंटर में दुकान लेने वाले व्यापारी भी आगे नहीं आ रहे हैं।
एक्सपो सेंटर शुरू करने का उद्देश्य पॉटरी उद्योग को बढ़ावा देना और एक ही छत के नीचे विभिन्न डिजाइन और पॉटरियों में बनाए गए सामान को उपलब्ध कराना है। सेंटर संचालन में जो परेशानी आ रहीं है, उनका निराकरण कराया जाएगा। जल्द ही एक्सपो सेंटर को संचालित कराया जाएगा। - अभिषेक पांडेय, सीडीओ
दुकानों के आवंटी पॉटरी संचालकों को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। दुकानदारों से भी आपत्ति मांगी गई हैं। यदि सभी दुकानदार फिर से एक्सपो सेंटर में दुकान खोलने के लिए राजी होंगे तो शीघ्र ही एक्सपो सेंटर शुरू किया जाएगा। - दर्शन छत्रवाल, सदस्य, एक्सपो सेंटर