संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर/नरसेना। जिलेभर में शुक्रवार को हुई बारिश के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। जिले में 70 से अधिक स्थानों पर फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति गुल रही। आपूर्ति 5 से लेकर 7 घंटे तक ठप रही। नगर समेत जिलेभर के सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा। कुछ जगह सुबह तो कुछ जगह दोपहर बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, नरसेना क्षेत्र के 15 गांवों में करीब सात घंटे बिजली गुल रही।
शुक्रवार को सुबह से बारिश शुरू होने और रुक-रुककर बारिश होने से बिजली उपभोक्ताओं एवं विभाग की परेशानी बढ़ गई है। जिलेभर में कई स्थानों पर खंभे व तार के टूट जाने से आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने पर परेशान उपभोक्ताओं ने बिजलीघर पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद कर्मचारी फाल्ट सही करने के लिए दौड़े, बमुश्किल उनको फाल्ट हाथ लगा। यह समस्या जिलेभर में सुबह से शुक्रवार रात तक बनी रही। उधर, नरसेना क्षेत्र में दौलतपुर कलां विद्युत उपकेंद्र से जुड़े युनिसपुर, मोहम्मदपुर बरवाला, घुंघरावली, दौलतपुर कलां, नरसेना, फरीदा बांगर, बलरामपुर समेत 15 गांव की बिजली करीब सात घंटे गुल रही। सुबह से बिजली गुल होने पर उपभोक्ताओं को पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ा। ग्रामीण रवि व गौरव ने बताया कि क्षेत्र की हल्की बारिश के बाद पूरे दिन के लिए बिजली गुल हो जाती है। जर्जर लाइनों के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर राजीव अग्रवाल ने बताया कि बारिश के कारण जिले के कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश बंद होने पर सभी जगह आपूर्ति सुचारू करा दी गई। जर्जर तारों को बदलने का कार्य किया जा रहा है।