बुलंदशहर। शहर में बुधवार की रात हर आधा घंटे पर 10 मिनट के लिए हुई बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। इसके अलावा देहात क्षेत्रों में भी बिजली की अघोषित कटौती ने उमस भरी गर्मी में लोगों के पसीने छुड़ाए। रात के समय अघोषित कटौती ने लोगों की नींद में खलल डाला।
हाईडिल कालोनी, अंसारी रोड, चांदपुर रोड, वलीपुरा, यमुनापुरम, सब्जी मंडी, अनूपशहर अड्डा, नीमखेड़ा समेत अन्य बिजलीघरों से जुड़े क्षेत्रों में रात को उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। ऊपरकोट निवासी आसिफ ने बताया कि नगर में देर रात तक बिजली की अघोषित कटौती से लोगों को परेशानी हुई। राधा नगर निवासी राहुल ने बताया कि हर आधा घंटे पर बिजली की कटौती की गई। जिसके चलते लोगों की नींद खराब हुई। इसके बाद दिन में भी बिजली कटौती की गई। ऊर्जा निगम के एसडीओ देवराज ने बताया कि बारिश के चलते छोटे-छोटे फाल्ट से बिजली गुल हुई। समस्या का समाधान करा दिया गया है।
बिजली का खंभा बदलवाने के लिए ग्रामीणों का प्रदर्शन
ऊंचागांव। क्षेत्र के गांव पीतमपुर में शिकायत के बाद भी टूटा हुआ बिजली का खंभा न बदलने से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया।
गांव पीतमपुर में घरों को बिजली आपूर्ति करने के लिए गांव के तिराहे पर बिजली का खंभा लगाया गया था। जो लगाने के एक वर्ष बाद ही टूट गया। ग्रामीणों ने टूटे हुए खंभे को बदलवाने के लिए कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की है। जिसकी शिकायत के बावजूद अधिकारियों ने मुख्य रास्ते पर झूल रहे खंभा को नहीं बदलवाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि खंभा तिराहे पर लगा होने के कारण स्कूल का दरवाजा भी खंभा के नजदीक है, जिसके कारण स्कूल आने और जाने वाले बच्चों के लिए भी अनहोनी का डर बना हुआ है। बरसात के चलते रास्ते में टूटकर लटक रहे खंभे के कारण दहशत के साए से होकर गुजरने के लिए विवश हैं। लोगों ने मांग की कि जल्द से जल्द टूटे खंभे को बदलवाया जाए। प्रदर्शन करने वालों में दुष्यंत कुमार चेतन सिंह मामचंद हरकेश सिंह सतपाल सिंह रोहित बिल्लू मौजूद रहे।
दीवार गिरने से टूटे चार खंभे, 60 घरों की आपूर्ति 12 घंटे से ठप
नरौरा। क्षेत्र में हुई बारिश के कारण परमाणु ऊर्जा संयंत्र के आवासीय परिसर अणुविहार कॉलोनी की चारदीवारी बृहस्पतिवार सुबह भरभराकर सड़क की ओर गिर गई। जिससे चार बिजली के खंभे भी टूट कर गिर गए। खंभे टूटने के कारण करीब 60 घरों के 300 से अधिक लोगों को बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है। नगर में नंदलाल गेट से मोहल्ला कर्मधर्म के रास्ते की ओर की अणुविहार काॅलोनी की दीवार गिर गई। ऊर्जा निगम के जेई प्रवीण कुमार ने बताया कि चार खंभे टूट गए हैं। खंभों को ठीक कराने का कार्य किया जा रहा है।