दावेदार कर रहे भागदौड़, पदाधिकारी बना रहे रणनीति
बुलंदशहर। विधानसभा चुनावों के लिए आचार संहिता लगने के बाद अब सभी दलों के दावेदारों ने टिकट के लिए भागदौड़ तेज कर दी है। पार्टियों के पदाधिकारियों ने जिला स्तर पर अपने प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए मंथन शुरू कर दिया है। कोविड महामारी के कारण 15 जनवरी तक रैली व जनसभा पर रोक लगाए जाने के निर्देशों के चलते फिलहाल अनुमति मिलने का इंतजार किया जा रहा है। चुनाव आयोग की अनुमति के बाद रैली व जनसभा के लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेने के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है क्योंकि जिला प्रशासन ने पहले आओ पहले पाओ के आधार पर अनुमति के निर्देश दिए हैं।
बोले जिलाध्यक्ष -
कोविड गाइडलाइन का पालन करना सभी दलों व नेताओं की जिम्मेदारी है। रैली व जनसभा के लिए चुनाव आयोग के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है। यदि वर्चुअल रैली के निर्देश मिले तो वर्चुअल तरीके से रैली कराने के लिए तैयारी की जाएगी। - अनिल सिसौदिया, जिलाध्यक्ष, भाजपा
कोविड महामारी के कारण पहले ही हाईकमान ने रैली व जनसभाएं स्थगित कर दी हैं। जनता के हित को देखते हुए निर्णय लिया गया है। चुनाव के लिए सभा करने की बजाए जनता के हित को प्राथमिकता दी जा रही है। - श्यौपाल सिंह, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस
पार्टी के नेता और पदाधिकारी जनता के हित को सर्वोपरि मानते हैं। कोविड महामारी से बचने के लिए बड़े स्तर पर रैली व जनसभा के आयोजन से बचा जा रहा है। नेताओं के साथ लोगों से भी अपील है कि वह महामारी से बचने के लिए प्रयास करें। - कमल राजन, जिलाध्यक्ष, बसपा
वर्चुअल रैली के आयोजन के लिए निर्वाचन आयोग को मदद करनी चाहिए। लोकतंत्र के लिए मतदान करना जरूरी है तो वहीं कोविड से बचने के लिए नियमों का पालन करना जरूरी है। जनता का हित सर्वोपरि है। - राहुल यादव, जिलाध्यक्ष, सपा
निर्वाचन आयोग और हाईकमान के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है। यदि रैली की अनुमति मिलती है तो कोविड गाइडलाइन के तहत रैली आयोजित की जाएगी। कार्यकर्ताओं से भी जनसंपर्क के दौरान मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का आह्वान किया गया है। - अरुण चौधरी, जिलाध्यक्ष, रालोद
कोरोना जैसी खतरनाक महामारी से बचने के लिए वैक्सीन लगवाने और नियमों का पालन करना जरूरी है। सभी दलों की रैली और जनसभा पर निर्वाचन आयोग को रोक लगानी चाहिए। बिना रैली और जनसभा के भी चुनाव संपन्न कराए जा सकते हैं। - शैलेंद्र लोधी, जिलाध्यक्ष, आप