एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता ही करेंगे मतदान
बुलंदशहर। विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोविड गाइडलाइन के तहत अब एक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता ही अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। अभी तक प्रत्येक बूथ पर 1500 मतदाताओं को मत का प्रयोग कराया जाता था। नए आदेशों के तहत जिले में करीब 135 बूथ बढ़ेंगे।
विधानसभा चुनावों को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 30 सितंबर तक पोलिंग बूथ व पोलिंग सेंटर बनाने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए हैं। साथ ही निर्देशित किया है कि एक बूथ पर 1200 मतदाताओं को वोट डालने के नियमानुसार ही बूथ बनाए जाएं। बताते चलें कि वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान जिले में कुल 2542170 मतदाताओं के लिए 2964 बूथ बनाए गए थे। अब नए नियमों के मुताबिक बूथों की संख्या 135 और बढ़ाई जाएगी। वहीं, अभी तक 28042 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया जा चुका है। निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिए हैं कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने व काटने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। एक पोलिंग सेंटर पर यदि ज्यादा बूथ हैं तो उन्हें भी दूसरे स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा। नए पोलिंग बूथ व पोलिंग सेंटर बनाने में विशेष ध्यान दिया जाएगा कि मतदाताओं को वोट देने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूर न जाना पड़े।
निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार एक बूथ पर 1200 मतदाता ही अपने मत का प्रयोग करेंगे। नए नियमों के अनुसार बूथ बनाने के लिए तैयारियां की जा रहीं हैं। - रामकुमार अत्री, जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी।