अब पंजीकरण के बाद ही पॉटरी नगरी की सड़कों पर ई-रिक्शा दौड़ पाएंगे। जाम की समस्या और अन्य खतरों से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने ई-रिक्शा संचालकों पर शिंकजा कसना शुरू कर दिया है।
सोमवार को एआरटीओ, पालिका ईओ और एसडीएम ने पुलिस बल की मदद से कई स्थानों पर छापेमारी कर तकरीबन 100 अवैध रिक्शों को पकड़ कर पालिका परिसर में भेज दिया है। अब उनका ध्वस्तीकरण कराया जाएगा। अब ई-रिक्शाओं की लिमिट तय करने के बाद ही उनके रुट का निर्धारण किया जाएगा।
पॉटरी नगरी में अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शाओं के चलते आए दिन लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसके अलावा नौसिखिए और नाबालिंगों द्वारा चलाए जा रहे रिक्शों से आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही है।
सोमवार को एसडीएम राहुल यादव के साथ एआरटीओ, पालिका ईओ वैभव ने पुलिस बल की मदद से जेवर अड्डा चौराहा, बस अड्डा, रोडवेज, मूड़ाखेड़ा चौराहा से तकरीबन 100 अवैध रिक्शों को पकड़ कर नगर पालिका परिसर में जमा कराया। अचानक हुई कार्रवाई से ई-रिक्शा संचालकों में हड़कंप मचा रहा। एसडीएम ने बताया कि अब भविष्य में एआरटीओ कार्यालय से पंजीकृत ई-रिक्शा ही सड़को पर चलने की अनुमति दी जाएगी।