संवाद न्यूज एजेंसी
सिकंदराबाद। नगर के कई मोहल्लों के लोगों को जल्द ही जलभराव की समस्या से राहत मिल जाएगी। नगर के पानी को बाहर लेकर जाने वाले नाले का पालिका डेढ़ करोड़ की लागत से निर्माण कराएगी। नाले के खस्ताहाल होने के कारण जल निकासी नहीं होने से नगरवासियों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है।
नगर से निकलने वाला पानी खत्रीवाड़ा नाला, ओम पैलेस के नाले, खुर्जा रोड नाले से बाहर जाता है। नगर के मोहल्ला गद्दीवाड़ा, काजीवाड़ा, रिसालदारान, बड़ा बाजार, चौधरीवाड़ा समेत नगर के कई मोहल्लों का पानी नगर हाईवे पर निम्स हॉस्पिटल के पास आकर नाले में गिरता है। यह नाला जेवर अड्डे को पार कर खुर्जा रोड के नाले में गिरता है। निम्स हॉस्पिटल से जेवर रोड तक नाला वर्षों पुराना होने के कारण खस्ताहाल हो चुका है। दुकानदारों ने नाले पर पूरी तरह से अतिक्रमण भी कर रखा है। नाले के खस्ताहाल होने के कारण बारिश के दिनों में अधिक पानी आने के कारण जल निकासी नहीं हो पाती है। जिससे नगर के कई मोहल्लों में जलभराव हो जाता है। ईओ विनोद कुमार ने बताया कि शासन की वर्षा जल निकासी योजना के तहत निम्स हॉस्पिटल से लेकर जेवर रोड तक डेढ़ करोड़ की लागत से नाले का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बजट भी आवंटित हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।