बुलंदशहर। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला खेल विभाग की ओर से यमुनापुरम स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंडर-14 बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांच टीमों ने प्रतिभाग किया।
फाइनल मुकाबला उच्च प्राथमिक विद्यालय दोहली और जिला स्टेडियम बुलंदशहर की टीम के बीच खेला गया। इसमें दोहली की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता अपने नाम की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति मित्तल ने किया। मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन परिचय और खेल के क्षेत्र में योगदान के बारे में खिलाड़ियों को जानकारी दी गई।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला यंग स्टार क्लब और उच्च प्राथमिक विद्यालय दोहली के बीच खेला गया। इसमें दोहली की टीम विजयी रही।
दूसरा मैच शिवचरण इंटर कॉलेज और जिला स्टेडियम बुलंदशहर के बीच हुआ। इसमें स्टेडियम की टीम ने जीत दर्ज की। तीसरे मैच में भी स्टेडियम की टीम विजयी रही।
चौथा मैच उच्च प्राथमिक विद्यालय दोहली और शिवचरण इंटर कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें दोहली की टीम ने जीत दर्ज की। पांचवां मैच यंग स्टार क्लब और बुलंदशहर हॉकी एसोसिएशन के बीच हुआ, जिसमें एसोसिएशन की टीम विजयी रही।
इसके बाद फाइनल मुकाबले में दोहली की टीम ने जिला स्टेडियम बुलंदशहर को 1-0 से हराया। विजेता टीम और खिलाड़ियों को नगर पालिका अध्यक्ष ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका जिला हॉकी एसोसिएशन के सचिव व वरिष्ठ खिलाड़ी कौशल चंद और अध्यक्ष परमजीत सिंह ने निभाई। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी नूर हसन, जिला व्यायाम शिक्षिका चिंतन चौधरी, सचिन कुमार, सुखदेव, जितेश, सचिन शुक्ला और मनीष मिश्रा आदि मौजूद रहे।
यमुनापुरम स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी। संवाद