यूपी बोर्ड में जिले की टॉपर रही छात्राएं शमा परवीन और अलीशा को मंगलवार को लखनऊ में आयोजित हुए ‘अमर उजाला छात्र सम्मान समारोह’ में सम्मानित किया गया। दोनों छात्राओं को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सर्टिफिकेट और साइकिल देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री के हाथों से सम्मान मिलने पर दोनों छात्राएं और उनके परिजन गदगद हैं। गांव में दोनों परिवारों ने मिठाइयां बांटी। बता दें कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में बसंती देवी कन्या इंटर कॉलेज देवली की छात्रा शमा परवीन ने 94.67 परसेंट अंक पाए थे। वहीं जनता इंटर कॉलेज बुगरासी से इंटरमीडिएट पास छात्रा अलीशा को 95.60 फीसदी अंक मिले थे।
दोनों छात्राओं को मंगलवार को लखनऊ में अमर उजाला के सम्मान समारोह में शामिल होने का न्योता मिला था। दोनों छात्राएं सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक रामाज्ञा कुमार के साथ लखनऊ रवाना हुई थीं। शमा के साथ पिता मोहम्मद युनूस और अलीशा के साथ उसके पिता इकबाल अहमद भी लखनऊ समारोह में शिरकत करने गए थे।
मुख्यमंत्री से सम्मान पाने के बाद फोन पर शमा परवीन और अलीशा ने बताया कि जब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें सम्मानित किया तो वह भावुक हो गईं, क्योंकि उन्हें ऐसे सम्मान की उम्मीद नहीं थी। मुख्यमंत्री से सम्मान पाना उनके लिए गौरव की बात है।
इसके लिए उन्होंने अमर उजाला का आभार जताया। उनका कहना था कि यदि अमर उजाला की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन न होता तो उन्हें मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाने का अवसर नहीं मिलता।
शमा के पिता मोहम्मद युनूस और अलीशा के पिता इकबाल अहमद ने बताया कि उनकी लाडलियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू झलक पड़े।