बुलंदशहर। जिले में संचालित होटल, लॉज और मैरिज होम के पंजीकरण की प्रक्रिया भी अब ऑनलाइन होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने कवायद शुरू करते हुए पोर्टल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोर्टल पर जनसेवा केंद्र या अपने कंप्यूटर से ऑनलाइन आवेदन किया जाएगा। इसके बाद ऑनलाइन ही इस पर रिपोर्ट लगेगी और घर बैठे ही पंजीकरण प्राप्त होगा।
जिले में संचालित एक हजार से अधिक ओयो व अन्य प्रकार के होटल के लिए अभी तक पंजीकरण ही नहीं कराया गया है। ऐसी स्थिति में बार-बार होटलों में अनैतिक गतिविधियों को लेकर लोग शिकायत करते हैं। जिस पर प्रशासनिक अधिकारी होटलों को सील करने की कार्रवाई करते हैं। अब होटल संचालकों के लिए होटल का पंजीकरण कराना आसान होगा। अभी तक जहां होटल के पंजीकरण के लिए ऑफलाइन आवेदन करना पड़ता है, इसके बाद जांच के लिए संबंधित तहसील में भेजा जाता है, लेकिन अब यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देशन में जिला प्रशासन की ओर से पोर्टल तैयार किया जाएगा। पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से होटल पंजीकरण के लिए आवेदन किया जाएगा। आवेदन के बाद जिला प्रशासन की ओर से ऑनलाइन ही इसे स्वीकृत कर तहसील प्रशासन को जांच के लिए भेजा जाएगा। तहसील की ओर से भी जांच के बाद ऑनलाइन ही रिपोर्ट लगाई जाएगी। रिपोर्ट लगाने के एक सप्ताह के अंदर होटल की पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंजीकरण प्रमाण पत्र भी ऑनलाइन माध्यम से ही प्राप्त किया जा सकेगा।
होटल पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया जाना है। इसके लिए तैयारी की जा रही है। जल्द ही इसकी रूपरेखा तैयार कर पोर्टल को लोगों के लिए चालू कर दिया जाएगा। सत्यप्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट