बुलंदशहर। जिले में डेंगू के संदिग्ध मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल में एनएस-1 किट से जांच कराने पर एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विभाग अब एनएस-1 से पॉजिटिव आने वालों की एलाइजा जांच कराएगा।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन वायरल बुखार समेत अन्य मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। सोमवार को वायरल बुखार के करीब 378 मरीज पहुंचे। इसमें 40 से अधिक की टायफाइड, मलेरिया व डेंगू की जांच कराई गई। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. नज्जार अहमद ने बताया कि नवीनगर निवासी एक युवक की एनएस-1 किट से जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब उनकी एलाइजा जांच कराई जाएगी। डेंगू और मलेरिया के मरीज मिलने पर संबंधित गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि एनएस-1 किट से जिला अस्पताल में एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। टीम को भेजकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ लार्वा की खोज कराई जाएगी। संवाद