अहार। जहांगीराबाद में अपनी ससुराल आए युवक का बुधवार को चरौरा-जटपुरा नहर से शव बरामद हुआ है। मृतक के परिजनों ने उसके साले व दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, बुधवार शाम तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।
गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर 150 क्षेत्र के गांव गड़ी समस्तीपुर निवासी चांद मोहम्मद की जहांगीराबाद के मोहल्ला नई बस्ती में ससुराल है। बताया गया कि उसकी पत्नी बीते दिनों अपने मायके आई थी। लाने के लिए गत सोमवार को चांद मोहम्मद अपनी ससुराल गया था। बताया गया कि मंगलवार को वह अपने साले व उसके एक दोस्त के साथ चरौरा स्थित नहर में नहाने के लिए गया लेकिन, उस दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में डूब गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पा रहा था। बुधवार सुबह उसका शव अहार थाना क्षेत्र में जटपुरा स्थित नहर में तैरता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। मृतक के परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। साथ ही उसके परिजनों ने ससुराल वालों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। एसपी देहात बीबी चौरसिया ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।