डीएवी पीजी कॉलेज में प्रवेश कराते छात्र-छात्रा। संवाद
बुलंदशहर। जिलेभर के कॉलेजाें में स्नातक व परास्नातक की कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। सीसीएसयू की ओर से अब ओपन मेरिट से प्रवेश दिए जा रहे हैं। शुक्रवार को कॉलेजों में पहली ओपन मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिए। शनिवार को दूसरी मेरिट में शामिल छात्र प्रवेश लेंगे।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि चौधरी चरण सिंह विवि से संबद्ध जिले के 78 डिग्री कॉलेजों में स्नातक व परास्नातक में प्रवेश जारी हैं। सीसीएसयू की ओर से कॉलेजों में स्नातक की पांच और परास्नातक की तीन मेरिट से प्रवेश पूर्व में पूरे हो चुके हैं। इसके बाद सीसीएसयू ने छात्र-छात्राओं को पंजीकरण कराने का मौका दिया था। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने पर कॉलेजों को निर्देश मिला कि अब शेष बची सीटों पर ओपन मेरिट से प्रवेश किए जाएंगे।
कॉलेजों ने नियमानुसार पहली ओपन मेरिट जारी कर उसमें शामिल छात्र-छात्राओं को लिंक भेजा। इस लिंक को प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शुक्रवार तक का समय प्रवेश के लिए दिया गया था।
शुक्रवार को दोपहर बाद तक प्रवेश प्रक्रिया जारी रही। अब दूसरी ओपन मेरिट भी जारी कर दी गई है। इसमें शामिल छात्र-छात्राएं शनिवार को प्रवेश ले सकेंगे। बची सीटों पर तीसरी मेरिट जारी कर सोमवार तक प्रवेश किए जाएंगे।