चलती कार में गैंगरेप के बाद युवती को हापुड़ नहर के पास फेंक कर आरोपी फरार हो गए। युवती को प्लॉट दिखाने के बहाने आरोपी अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए थे।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता के साथ हवस का वीडियो भी बना लिया है। इस घटना की रिपोर्ट महिला थाने में दर्ज की गई है। पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
मूलरूप से बुलंदशहर की रहने वाली 29 वर्षीय रीना (बदला हुआ नाम) सेक्टर-27 में रहती हैं। वह रियल एस्टेट कंपनी में काम करती हैं। रीना ने बताया कि कंपनी की तरफ से करीब 15 दिन पहले सलारपुर मेन रोड पर एक कैंप लगाया था।
इस कैंप में चंद्रशेखर और जितेंद्र नाम के दो लोग आए थे और उन्होंने प्लॉट खरीदने की बात कही थी। खुद को मथुरा का रहने वाले बताकर ये दोनों उसका मोबाइल नंबर ले गए थे।
कुछ दिनों बाद ही फोन करके इन्होंने प्लॉट दिखाने को कहा। बीते मंगलवार को उन्होंने फोन करके उसी दिन प्लॉट दिखाने को कहा। उन्होंने शाम को फोन करके कहा कि वह अपनी गाड़ी लेकर आए हैं, उन्हें प्लॉट दिखा दिया जाए।
आरोपियों ने उसे रजनीगंधा चौराहे पर आने को कहा। करीब शाम साढ़े पांच बजे वह वहां पहुंची, तो उन लोगों ने अपनी कार में रीना को बैठा लिया। इसके बाद यह लोग दादरी की तरफ जाने की बजाय दूसरी तरफ जाने लगे।
विरोध करने पर उन्होंने कहा कि उन्हें रास्ते का पता है। इसके बाद उसे भ्रमित करके आरोपी हापुड़ की तरफ ले गए। रास्ते में तीनों आरोपियों ने उससे चलती कार में गैंगरेप किया।
इस दौरान आरोपियों ने उसका वीडियो भी बना लिया। बाद में शाम करीब साढ़े सात बजे उसे हापुड़ में नहर के पास फेंककर भाग गए। इसके बाद युवती ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
डीएसपी अरविंद यादव ने बताया कि आरोपी युवती के परिचित हैं और बुलंदशहर के ही रहने वाले हैं। दोनों के परिवारों में आपसी रंजिश चल रही है। फिलहाल महिला थाने में युवती की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।