नगर कोतवाली क्षेत्र में बाइपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा काटा। लोगों ने डॉक्टर से हाथापाई भी की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉक्टरों को लोगों से बचाया और कोतवाली ले आई। परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भूड़ निवासी ज्योति (26) पत्नी लवली की पित की थैली में पथरी थी।
जिसका इलाज बाइपास रोड स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। बृहस्पतिवार सुबह डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए ज्योति को भर्ती कर लिया। पति ने बताया कि शाम करीब चार बजे डॉक्टर ने ज्योति को इंजेक्शन लगाया। इसके कुछ देर बाद ज्योति की हालत बिगड़ने ही मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से डॉक्टर को बचाया और उसे कोतवाली ले आई। पुलिस के मुताबिक, लोगों ने डॉक्टर से हाथापाई भी की। इसके बाद परिजन महिला को एक अन्य निजी अस्पताल लेकर आए।
वहां भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पति ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। एसएसआई डीपी सिंह ने बताया कि डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डॉक्टर ने बताया कि आरोप बेबुनियाद हैं।