चाचा की हत्या के मामले के गवाह भतीजे पर तीन लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और उसे मरा समझकर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजन आनन-फानन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
शिवनगर ढूंसरी निवासी प्रवीन पुत्र अजयवीर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे खेत से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहा था। तभी रास्ते में बाइक सवार तीन लोग मिले। उन्होंने प्रवीन को रोककर गाली-गलौच की। प्रवीन ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग की।
एक गोली प्रवीन के पेट में लगी। दूसरी गोली उसके हाथ में लगी। गोली लगते ही प्रवीन गिर गया। इस पर हमलावर उसे मरा समझकर हवा में फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया।
वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। प्रवीन के चाचा किरनवीर ने बताया कि प्रवीन के दूसरे चाचा प्रेमवीर की करीब दो माह पहले हत्या कर दी गई थी।
प्रवीन उसमें मुख्य गवाह था। किरनवीर ने आशंका जताई है कि प्रेमवीर की हत्या करने वालों ने ही प्रवीन पर हमला कराया है। एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।