चौकी क्षेत्र के एक गांव में बाथरूम में नहा रही महिला को गांव के ही युवक ने दबोच लिया। आरोपी ने उसके साथ रेप की कोशिश की। शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़े तो आरोपी धमकी देता हुआ भाग गया।
बाद में गांव में पंचायत बैठी जिसने मामला रफादफा करने की कोशिश की। पीड़िता पर दबाव बनाया लेकिन महिला ने पंचायत के नकारकर पुलिस चौकी पहुंची और कार्रवाई के लिए तहरीर दी।
महिला ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपने घर के बाथरूम में नहा रही थी। तभी गांव का एक युवक दीवार कूदकर उसके घर में घुस आया। आरोपी ने उसके साथ रेप की कोशिश की।
विरोध करने पर मारपीट की। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग आ धमके। खुद को गांव के लोगों से घिरता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। मामले को दबाने के लिए गांव में पंचायत बुलाई गई।
पंचायत में महिला पर फैसले का दबाव बनाया गया लेकिन महिला ने पंचों की एक न मानी। शुक्रवार दोपहर महिला ने चौकी पहुंचकर तहरीर दी।
उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।