सोमवार शाम शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान हुई एक युवती की मौत पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया। बाद में परिजनों ने तहरीर देने से इंकार कर दिया। पुलिस ने चिकित्सक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार नगर के झारखंडी निवासी शालू पुत्री गजेंद्र का नगर के प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा था। सोमवार रात करीब 8 बजे शालू की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने चिकित्सक की तहरीर पर युवती की संदिग्ध मौत की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पिता का कहना है कि चिकित्सक की लापरवाही से उनकी बेटी की मौत हुई। वह पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसलिए तहरीर नहीं दी।
शालू का उनके यहां उपचार नहीं चल रहा था। सोमवार की शाम वह सीरियस हालत में उनके अस्पताल आई थी। उपचार शुरू करने से पहले ही उसकी मौत हो गई। - डॉ. प्रदीप दीक्षित
डॉक्टर की तहरीर पर युवती की संदिग्ध हालत में मौत की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - जितेंद्र कुमार, कोतवाल