वसूली कर लौट रहे बाइक सवार फाइनेंसर से कार सवार तीन बदमाशों ने बाइक को टक्कर मारकर दो लाख रुपये लूट लिया और भाग गए।
फाइनेंसर से लूटा गया बैग पुलिस ने हापुड़ क्षेत्र से बरामद कर लिया है। हालांकि थाना पुलिस इस वारदात को संदिग्ध मान रही है। फिलहाल पीड़ित ने घटना की तहरीर नहीं दी है।
बता दें कि बृहस्पतिवार को बैंगलुरु की जनलक्ष्मी फाइनेंस कंपनी की हापुड़ में ब्रांच ऑफिस है। कंपनी का कर्मचारी सागर निवासी कमालपुर जिला मेरठ बीबीनगर क्षेत्र के गांवों से वसूली कर बाइक से हापुड़ लौट रहा था।
पीड़ित सागर ने बताया कि जैसे ही वह रंजीतपुरा गांव के पास पहुंचा। पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
इसके चलतेे वह सड़क पर गिर गया। अभी वह संभल पाता कि कार से तीन बदमाश उतरे और रुपये से भरा बैग छीन कर हापुड़ की ओर भाग गए।
पीड़ित की सूचना पर बीबीनगर व बाबूगढ़ छावनी की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घेराबंदी कर जनपद हापुड़ के बनखंडा गांव के पास सड़क किनारे से पुलिस ने लूट का बैग बरामद कर लिया।
बैग की तलाशी लेने पर केवल कागजात मिले हैं। बीबीनगर थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिक जांच में लूट की वारदात संदिग्ध प्रतीत हो रही है।