पावर कारपोरेशन में आए दिन फर्जीवाड़े सामने आ रहे हैं। अब खुर्जा खंड में एक जेई ने हजारों कनेक्शन कर उनके ढाई लाख रुपये डक लिए है। कई माह बाद विभाग में रसीद जमा नहीं की गई हैं। अधीक्षण अभियंता ने एक्सईएन खुर्जा से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।
पावर कारपोरेशन के खुर्जा खंड में एक जेई ने 2023 नए बिजली कनेक्शन दिए। इसके लिए उपभोक्ताओं ने जो पैसा दिया उसे जेई ने अपनी जेब में रख लिया। करीब छह माह बाद भी इन उपभोक्ताओं का पैसा विभाग में जमा नहीं कराया गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि जेई ने अब तक रसीद बुक भी विभाग को उपलब्ध नहीं कराया है।
मामला खुलते ही अधीक्षण अभियंता ने एक्सईएन खुर्जा से मामले की रिपोर्ट तलब की है। गौरतलब है कि पावर कारपोरेशन में कैश गबन के मामले रोज सामने आ रहे हैं। एक के बाद एक फर्जीवाड़े हो रहे हैं। अफसर मॉनीटरिंग में पूरी तरह फेल हो रहे हैं। गबन के बाद अफसरों को होश आ रहा है।
कहीं पैसे लेकर बाबू गायब है तो कहीं कैशियर का पता नहीं। कहीं, बिल डिलीट हो रहे हैं तो कहीं बकाये पर कनेक्शन। कारपोरेशन में सब कुछ रामभरोसे चल रहा है।