-पोस्टमार्टम हाउस में परिजन व घायल निर्मला
- फोटो : अमर उजाला
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद में राजरानी (80) की मारपीट के दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है कि परिजनों पर दबाव बनाकर पुलिस ने बीमारी से मौत होने की तहरीर ली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का मामला खुला।
राजरानी खखरेरू थाना क्षेत्र के डुड़ियापुर गांव निवासी ननकू की पत्नी थी। उनकी तीन बेटियां निर्मला, सोमवती और भानमती हैं। वह निर्मला पत्नी गोकुल के घर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव में करीब दस साल से रहती थी। निर्मला ने बताया कि उनके निकास रास्ते से पहले दूसरे पक्ष के लोगों ने आठ दिन पहले लोग गेट लगाया था। तब उन लोगों ने अपना दरवाजा भी आगे से लगाया। उनका गेट तोड़ डाला गया। पुलिस से शिकायत की गई तो कोई कार्रवाई नहीं की।
दूसरे पक्ष के तीन लोगों ने रविवार की रात घर में धावा बोला। बेटी पूजा को घसीटकर पिटाई करने लगे। विरोध करने पर उसकी लाठी डंडे से पिटाई कर दी। बच्चों को भी पीटा है। उसकी मां राजरानी चारपाई पर लेटी थी। उन्हें गला दबाकर मार डाला। पति शादी कार्यक्रम में रिश्तेदार के घर गए थे। वह रातभर घर में रही। उनके वापस आने पर सोमवार को पुलिस को तहरीर दी गई। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदलवाई और बीमारी से मौत होने की तहरीर पर पोस्टमार्टम को भेजा। डाक्टरों ने पोस्टमार्टम में गले में चोटों के निशान पाए। मामले को लेकर थाने से दरोगा को बुलाया गया। जिसके बाद रात को पोस्टमार्टम हो सका। एसएसआई विजय राय ने बताया कि गले में खरोंच और घाव के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर विधिक राय लेकर कार्रवाई की जाएगी।