प्रपोज डे के दिन एक मनचले को छात्रा को प्रपोज करना भारी पड़ गया। छात्रा की चीख पुकार सुनकर दौड़े लोगों ने मनचले को दबोचकर धुनाई शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी लोगों से बार-बार माफी मांगने लगा तो लोगों ने उसे छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला निवासी एक छात्रा कॉलेज रोड पर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक पहुंचा और उसने छात्रा को प्रपोज कर दिया। इससे गुस्साई छात्रा ने मनचले को खूब खरीखोटी सुनाई।
इसके बाद भी आरोपी ने पीछा नहीं छोड़ा तो छात्रा ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और आरोपी को दबोच लिया, फिर धुनाई शुरू कर दी। इस दौरान काफी देर तक सड़क पर हंगामा होता रहा।
लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान आरोपी मनचला बार-बार हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगने लगा तो लोगों ने हिदायत देकर उसे छोड़ दिया।