नगर कोतवाली क्षेत्र में वलीपुरा नहर के पास अपने दो मासूम बच्चों को लेकर घर लौट रहे बाइक सवार को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों मासूम भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली देहात के गांव जीमत निवासी आदिल कासना में रहकर गाड़ी चलाता है। मुहर्रम के मौके पर वह गांव में आया हुआ था। बुधवार दोपहर आदिल अपने दो पुत्र आहद (5) और अर्श (7) को बाइक पर लेकर बुलंदशहर आया था। शाम करीब 4.30 बजे बाइक पर बैठाकर गांव लौट रहा था।
वलीपुरा नहर के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आदिल सड़क किनारे दूर जाकर गिरा। वहीं दोनों मासूम ट्रक से कुचल गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल आदिल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। नगर कोतवाल राजवर्धन गौड़ ने बताया कि बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुग्गी में घुसी कार, 12 घायल
सिकंदराबाद मार्ग पर अनियंत्रित कार बुग्गी में घुस गई। हादसे में बुग्गी सवार करीब 12 लोग घायल हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।
देहात क्षेत्र के गांव रूपबास पंचगाई निवासी ग्रामीण बुग्गी पर सवार होकर अपने परिवार के साथ मंगलवार रात करीब आठ बजे मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान पीले बंबे के पास पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर बुग्गी में घुस गई।
हादसे में बुग्गी सवार दीपक, कान्हा, अंजलि, खुशी, मोनू, चंचल, तान्या समेत करीब 12 लोग घायल हो गए। मौके पर चीखपुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला, मौत
पहासू मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार गांव फतेपुर निवासी चंद्रपाल (50) पुत्र धर्मवीर पहासू स्थित हीरापुर निवासी हरेंद्र को कुचल दिया। अस्पताल ले जाने के दौरान चंद्रपाल की मौत हो गई। हादसा मंगलवार रात करीब नौ बजे अगौरा पीर गांव के पास हुआ। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।