नगर कोतवाली क्षेत्र केरुकनसराय के लोगों ने मामा-भांजे पर धार्मिक कार्यों के लिए सैंकड़ों लोगों से ठगी करने का आरोप लगाया है। आरोपियों ने फर्जी संस्था को रजिस्टर्ड बताकर लोगों से लाखों रुपए ऐंठ लिए। भारी संख्या में लोगों ने एसपी सिटी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला रुकनसराय निवासी गुल मोहम्मद, अलीम अहमद, बाबू खां, जमील अहमद, यामीन खां, हबीब अली, इमरान, नसीम, फरीद आदि ने एसपी सिटी को दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले में ही रहने वाले एक युवक और उसके मामा ने लोगों से कहा कि वे धार्मिक कार्य करते हैं।
इसके तहत वह गरीबों की मदद, धोबी घाट, कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल व जरूरतमंदों की सहायता करते हैं। उन्होंने एक रजिस्टर्ड संस्था भी खोल रखी है। इसके तहत वह लोगों से चंदा एकत्र करते हैं और गरीबों पर खर्च करते हैं। लोगों ने बताया कि मामा-भांजे ने वर्ष 2010 से लेकर अब तक 20 से 30 रुपए प्रति माह चंदा लिया।
इस समय जो करीब तीन लाख रुपए से ऊपर होता है। लोगों ने जब आरोपी मामा-भांजे से पूछा कि तुमने आज तक एक भी धार्मिक कार्य नहीं किया तो हिसाब मांगने पर आरोपियों ने लोगों को जान से मारने की धमकी दी। लोगों का कहना है कि आरोपियों ने उनसे धर्म के नाम पर ठगी की है। एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।