औरंगाबाद में हिस्ट्रीशीटर अन्नी गुर्जर के नाम से रंगदारी मांगने का मामला रुकने का नाम नही ले रहा है। बुधवार को भी पीड़ित व्यापारियों पर बार-बार कॉल आने से व्यापारी भी परेशान है। बता दे कि दादरी के चेयरमैन पति और भाजपा नेता विजय पंडित की हत्या के मामले में नोएडा क्षेत्र से पेशी के दौरान फरार हुए हिस्ट्रीशीटर अन्नी गुर्जर का औरंगाबाद क्षेत्र में आतंक बढ़ता जा रहा है।
वह एक के बाद एक व्यापारी से रंगदारी मांग रहा है। अभिषेक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, मिक्की अग्रवाल सहित कई व्यापारियों से फोन पर रंगदारी मांगी जा चुकी है। सूत्रों के अनुसार कई ऐसे व्यापारी भी हैं जिन्हाने ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
बुधवार को भी व्यापारियों के पास धमकी भरी कॉल आई । व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस से बार-बार कॉल आने की शिकायत की जाती है तो एसओ उन्हें टकरा देते हैं। इससे व्यापारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। व्यापारी पुलिस के खिलाफ आंदोलन की तैयारी में हैं। एसओ औरंगाबाद पोसीराम शर्मा ने बताया कि जिन नंबरों से व्यापारियों के पास कॉल आई है उन नंबरों की जांच कराई जा रही है।