देहात क्षेत्र के बगराई गांव से चोरी हुई तीन भैंस मूंडाखेड़ा रोड स्थित एक बंद फैक्ट्री में मिली। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने थाने में जमकर हंगामा कर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
देहात क्षेत्र के बगराई निवासी सतीश की घेर में बंधी तीन भैंसों को चोर खोल ले गए थे। रविवार सुबह घेर से पशुओं को गायब देख सतीश के होश उड़ गए। ग्रामीणों के साथ पशुओं की तलाश करते हुए सतीश मूड़ाखेड़ा रोड स्थित लालपुर किशौला गांव के पास बंद पड़ी फैक्ट्री पर पहुंचे।
जहां सतीश के तीनों पशु मिल गए। इस घटना को लेकर गांव के ग्रामीण थाने पहुंचे और हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना था कि बंद फैक्ट्री का मालिक चोरी के पशुओं को बेच कर उनका कटान करवाता है। ग्रामीणों के हंगामे के बाद पहुंची पुलिस ने बंद फैक्ट्री के चौकीदार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।