मस्जिद के ईमाम की मौत के बाद इकट्ठा कालोनी के लोग।
- फोटो : ब्यूरो
नई मंडी चौकी क्षेत्र की इंद्रा कॉलोनी स्थित मस्जिद के इमाम की सोमवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने कुछ लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। पोस्टमार्टम कराने की बजाय परिजन शव लेकर बीबीनगर के परतापुर गांव चले गए।
वहां शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वहीं, परिजनों ने तहरीर देने से इंकार कर दिया। जानकारी के मुताबिक मुबारिक (25) पुत्र हबीब मूलरूप से बीबीनगर के परतापुर गांव के रहने वाले थे। पिछले एक साल से इंद्रा कॉलोनी स्थित भट्ठे वाली मस्जिद पर बतौर इमाम सेवा करते थे।
मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे इमाम ने मस्जिद के लाउडस्पीकर से आवाज लगाई। जिसमें उन्होंने बार-बार बचाओ-बचाओ, मुझे बचाओ की आवाज आई। आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग लाठी-डंडे लेकर मस्जिद में पहुंच गए। वहां जाकर देखा तो इमाम बेहोश पड़े थे।
लोग उन्हें लेकर निजी अस्पताल गए। वहां से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। लोग शव लेकर धमैड़ा अड्डे पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत किया। नई मंडी चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजनों से तहरीर मांगी गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।