अरनिया क्षेत्र के गांव मंसूरपुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर प्रधानाध्यापक से नगदी और बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट की और हथियार लहराते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कांबिंग की। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
जंक्शन निवासी ओमप्रकाश राधेश्याम अरनिया के गांव जावल स्थित प्राथमिक विद्यालय मे प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं। बृहस्पतिवार दोपहर को स्कूल में छुट्टी के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। गांव मंसूरपुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर बाइक और 1500 रुपये दो मोबाइल लूट लिए।
विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर भाग गए। पीड़ित ओमप्रकाश ने एक राहगीर का मोबाइल मांग कर कंट्रेाल रूप को घटना की सूचना दी। मौके पर सीओ विजयप्रकाश सिंह मय फोर्स पहुंचे। पुलिस ने आसपास कांबिंग कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। सीओ ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।