क्षेत्र के गांव अमरगढ़ स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एक कक्ष में मंगलवार से गायब युवती का शव फंदे पर लटका मिला। हत्यारों ने युवती की हत्या कर शव को कमरे में लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था। युवती के परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने और पोस्टमार्टम को तैयार नहीं थे।
एसएसपी सोनिया सिंह ने युवती के घर का दौरा किया और उसके परिजनों को समझाकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। पुलिस की शुरूआती जांच में युवती की हत्या कर शव लटकाने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस आनर किलिंग और प्रेमी के हत्या करने की जांच कर रही है।
अमरगढ़ में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार सुबह बच्चों ने जब एक कमरा खोला तो फंदे पर युवती की लाश लटकी मिली। सूचना पाकर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। युवती का शव चुन्नी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। युवती के घुटने मेज पर लगे थे, लेकिन उसकी चप्पल मौके पर नहीं थीं।
युवती के पिता मंगला ने बताया कि 19 वर्षीय बेटी संगीता मंगलवार दोपहर से गायब थी। मंगलवार दोपहर में वह अपनी भाभी से थोड़ी देर में आने की बात कहकर गई थी। उसके बाद घर नहीं लौटी। परिजनों ने देर शाम तक काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मृतका का पिता मंगला जहांगीराबाद में एक ड्राईक्लीनर्स के यहां नौकरी करता है।
गांव के लोगों ने बताया कि मंगलवार दोपहर युवती विद्यालय के पास एक युवक के साथ देखी गई थी। कुछ लड़कों ने उस युवक की धुनाई कर दी थी। मृतका के पिता ने युवती के साथ देखे गए युवक पर ही हत्या कर शव लटकाने का शक जताया है। युवती का शव स्कूल के कमरे के बाथरूम की दिवार तोड़कर अंदर कमरे में लटकाया गया था।
पुलिस ने मृतका के प्रेमी के साथ मंगलवार को मारपीट करने वाले युवकों के दो परिजनों को हिरासत में लिया है। गांव पहुंची एसएसपी सोनिया सिंह ने मृतका के परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। मृतका के पिता मंगला सिंह ने बताया कि पाँच बच्चों में संगीता सबसे छोटी थी। उसकी शादी के लिए लड़के की तलाश की जा रही थी। वह कनौना इंटर कालेज में इंटर की छात्रा थी। उसकी परीक्षा शुरू होने वाली थीं।
संगीता एक साल पहले अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। ग्रामीणों के सहयोग से उसे प्रेमी के साथ बरामद किया गया था। तब से परिजनों ने उसके घर से निकलने पर रोक लगा दी।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मंगलवार को युवती विद्यालय के निकट अपने प्रेमी के साथ देखे जाने पर गांव के ही कुछ युवकों ने प्रेमी की धुनाई कर भगा दिया था।
पिता ने आशंका जताई है कि पुत्री की हत्या कर शव को लटकाया गया है। पुलिस ने मृतका के पिता से तहरीर ले ली है। चौकी प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि जाँच कर कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या और आनर किलिंग दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।