बाबा जय सिंह के मेले से लौट रहे गुलावठी के परिवार के लोगों से भरे टाटा मैजिक को ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। इसमें चार लड़कियों समेत नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 16 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन को मेरठ रेफर किया गया है। सूचना पर डीएम और एसएसपी भी अस्पताल पहुंचे।
हादसा बृहस्पतिवार तड़के तीन बजे सिकंदराबाद में गुलावठी रोड पर हुआ। कोतवाली देहात के गांव पचौता में हर साल होली पर लगने वाले बाबा जय सिंह के मेले में गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव कुरली से एक ही परिवार के करीब 30 लोग शरीक हुए।
लौटते वक्त तड़के करीब 3 बजे सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में गांव पीर वियावानी के पास गुलावठी की ओर से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी टाटा मैजिक में सामने से टक्कर मार दी। ट्रक भी बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। चीखपुकार पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विपिन(20) पुत्र सुरेंद्र (टाटा मैजिक ड्राइवर), मांगेराम(30) पुत्र रामू सिंह, नरेश(15) पुत्र नेत्रपाल, मधु(18) पुत्री कलुवा, गांव भरतरी अलीगढ़ निवासी मीनू(10) पुत्री कुशलपाल, रानी(19) पुत्री काले, बबलू(26) पुत्र काले, कशिश (10) पुत्री बब्बल निवासीगण गांव कुरली और बबलू का साला योगेंद्र उर्फ सचिन(23) पुत्र मुखत्यार निवासी सिरसा ग्रेटर नोएडा को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मेरठ रेफर किया। अन्य तेरह का इलाज किया जा रहा है। सूचना पर पहुंचीं जिलाधिकारी बी. चंद्रकला ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से हुई है।