जहांगीरपुर में सपा नेता के खिलाफ लामबंद हुए बैंक कर्मी।
- फोटो : ब्यूरो
जहांगीरपुर स्थित पीएनबी शाखा पर पहुंचे सपा नेता की दबंगई से बैंककर्मी का पारा चढ़ गया। गुस्साए बैंककर्मियों ने बैंक बंद कर पुलिस चौकी पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने शिकायत दर्ज कर सपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को जहांगीरपुर स्थित पीएनबी शाखा खुलने पर सपा नेता अपने साथियों के साथ बैंक पहुंचे । रुपये निकालने को लेकर बैंक कर्मियों से उसकी कहासुनी हो गई। इस दौरान शाखा प्रबंधक आरसी त्रिवेदी कमरे से बाहर आ गए। आरोप है कि सपा नेता ने उनके साथ भी अभद्रता की। यहां तक कि बीच-बचाव करने पहुंचे बैंक कर्मियों के साथ भी हाथापाई की।
इससे बैंक कर्मी भड़क गए और बैंक पर ताला लगा दिया। शाखा प्रबंधक आरसी त्रिवेदी, अंकित, अजय कुमार, चंद्रपाल, बनवारी लाल, सौरभ कुमार, सुनील कुमार, मयंक, संजीव, अमरजीत आदि बैंक कर्मी पुलिस चौकी पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उन्होंने सपा नेता के खिलाफ तहरीर दी। उधर सपा नेता का आरोप है कि बैंक की तरफ से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
कैश नहीं मिलने पर बिफरी महिलाएं
पीएनबी शाखा में रुपये लेने के लिए लाइन में लगी महिलाएं दोपहर बाद तीन बजे कैश समाप्त होने की सूचना देने पर बिफर गई। उन्होंने सरकार और कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में बैंक अफसरों ने सोमवार को रुपये देने की बात कहकर मामले को शांत किया। उधर, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष जगेश गोयल ने बैंक अधिकारी से करंट खाता धारकों को सुविधा के लिए अलग कतार लगवाने की मांग की।