कलयुगी बेटे ने नशे की लत के चलते मां के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करते हुए उसे ही लूट लिया। बेटे ने मां की गर्दन पर चाकू रखकर 20 हजार रुपये लूट लिए। पिता ने बेटे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
नगर के बकरकसाबान निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह सब्जी का काम करता है। उसका बेटा आवारा व नशे का आदी है। बेटे के आवारा व नशे के आदी होने के कारण उन्होंने उससे रिश्ता तोड़ रखा है। बताया कि नशे की लत को पूरा करने के लिए उसने रविवार शाम अपनी मां की गर्दन पर चाकू रखकर आतंकित करते हुए घर में रखे 20 हजार रुपये लूट लिए।
बाद में जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़ित जब घर लौटा तो उसे पत्नी ने आपबीती बताई। पिता ने बेटे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।