मुफ्त में बीड़ी-माचिस न देने पर चाकू से गोदा
- फोटो : ब्यूरो
नगर कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड के पास एक ठेला संचालक को दबंगों को मुफ्त में बीड़ी-माचिस न देना भारी पड़ गया। युवक ने चाकू से हमला कर ठेला संचालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ठेला संचालक के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मोहल्ला आनंद बिहार निवासी जय सिंह पुत्र भिक्की राम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई साबूराम (55) रोडवेज बस स्टैंड के पास ठेले पर बीड़ी-माचिस, टॉफी-बिस्कुट आदि सामान बेचता है।
आरोप है कि बृहस्पतिवार रात उसके ठेले पर धमैड़ा अड्डा निवासी पुष्पेंद्र पुत्र दिगंबर आया। पुष्पेंद्र ने साबूराम से माचिस और बीड़ी का बंडल मांगा। साबूराम ने बीड़ी-माचिस दे दी। पुष्पेंद्र बीड़ी-माचिस लेकर बिना रुपये दिए चलने लगा। साबूराम ने बीड़ी-माचिस के रुपये मांगे तो आरोपी पुष्पेंद्र भड़क गया।
पुष्पेंद्र ने साबूराम के साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। साबूराम के चाकू गर्दन और पेट में कई जगह लगा। चाकू लगने से घायल साबूराम चिल्लाता हुआ जमीन पर गिर गया। उसको लहूलुहान देखकर बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायल साबूराम का उपचार किया, उसकी हालत खतरे से बाहर है। नगर कोतवाल राजवर्धन गौड़ ने बताया कि जय सिंह की तहरीर पर पुष्पेंद्र के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।