एक युवती से सगे भाई ने ही रेप का प्रयास किया। रेप में नाकाम रहने पर शराबी भाई ने उसको बेच दिया। युवती का आरोप है कि खरीदने वालों ने उसके साथ गैंगरेप और कुकर्म किया। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसको जंगल में बदहवास हालत में छोड़कर भाग गए।
युवती की शिकायत पर कोर्ट के आदेश पर भाई-खरीदने वाले और दो साथियों सहित चार के खिलाफ कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सिकंदराबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके पिता की मौत करीब छह साल पहले हो गई थी।
उसका भाई आपराधिक किस्म का है। उसके खिलाफ कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज हैं। उसका भाई आए दिन शराब के नशे में उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करता था। इसमें असफल रहने के बाद आरोपी भाई ने उसे अपने एक दोस्त को बेच दिया। उसे खरीदने वाला दो अन्य लोगों के साथ उसके घर आया और जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गया।
तीनों आरोपियों ने वलीपुरा नहर के पास उसके साथ गैैगरेप किया। आरोपियों ने उसके साथ अप्राकृतिक संबंध भी बनाए। विरोध करने पर उसकी पिटाई की गई। आरोपी उसे बदहवास हालत में नहर के पास छोड़कर भाग गए। जैसे-तैसे वह बुलंदशहर स्थित अपनी बहन के घर पहुंची और आपबीती बताई।
पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने इसके बाद 156(3) के तहत एसीजेएम प्रथम कोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली देहात में मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली देहात में आरोपी बबलू, राजू और दो अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली देहात पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले में कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - मान सिंह चौहान, एसपी सिटी, बुलंदशहर