पुलिस चौकी पर सोमवार को पिटाई के निशान दिखाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
मोहनकुटी मोहल्ला में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस को शराब के नशे में धुत युवक ने दौड़ा दिया। पुलिस किसी तरह आरोपी को काबू कर कोतवाली लेकर आई। बाद में सरकारी कार्य में बाधा डालने और शांतिभंग करने के आरोप में आरोपी का चालान कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि मोहनकुटी में एक शराबी नशे में उत्पात मचा रखा है। सूचना मिलते ही मौके पर फैंटम पर तैनात कांस्टेबल प्रमोद और परवेज पहुंचे। पुलिस को देख शराबी युवक ग्रामीणों के घरों पर पथराव करने लगा।
इसके बाद उसने पुलिस टीम पर ही पथराव करनी शुरू कर दी, जिसमें कांस्टेबल प्रमोद जख्मी हो गए। पुलिस ने युवक को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हाथापाई के दौरान शराबी युवक ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी।
किसी तरह दोनों पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू कर कोतवाली लेकर आए। आरोपी की पहचान धर्मेंद्र पुत्र गिरीश कुमार गुप्ता के रूप में की गई है। जांच में पता चला कि धर्मेंद्र के अनिल पुत्र विजय वाल्मीकि पर 1800 रुपये उधार हैं।
धर्मेंद्र सोमवार सुबह शराब पीकर तगादा करने गया था। विरोध होने पर आरोपी ने आपा खो दिया। खुर्जा गेट चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि आरोपी को सरकारी कार्य में बाधा डालने और शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया।