टीएडी पैसेंजर ट्रेन में बच्चों के संग खेल-खेल में युवती के साथ सेल्फी लेना युवक को भारी पड़ गया। युवती के परिजनों ने युवक की पिटाई कर उसका मोबाइल सिम तोड़ दिया। सूचना पर जब तक जीआरपी पहुंची, ट्रेन रवाना हो चुकी थी। जीआरपी को तहरीर नहीं मिली है।
शनिवार को दिल्ली से कानपुर जा रही टीएडी पैसेंजर पर एक परिवार अलीगढ़ और दूसरा टूंडला जाने के लिए सवार हुआ था। एक परिवार का युवक दूसरे परिवार के बच्चों से घुल-मिल गया और अपने मोबाइल से बच्चों को वीडियोगेम आदि खेलाने लगा।
इसी दौरान युवक ने बगल में बैठी दूसरे परिवार की युवती के साथ सेल्फी ले ली। मोबाइल में युवक के साथ अपना सेल्फी देखकर युवती ने परिवार के अन्य सदस्यों से शिकायत कर दी। इस पर युवती के परिवार के लोग भड़क गए और सेल्फी लेने वाले युवक की पिटाई कर दी।
युवक का मोबाइल छीनकर उसमें से सिम निकालकर तोड़ दिया और बैटरी भी निकाल ली। इस घटना से दोनों परिवारों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सुबह करीब 11.30 बजे ट्रेन जब जंक्शन स्टेशन पर पहुंची तो सवारियों ने जीआरपी को घटना की जानकारी दी।
लेकिन जब तक जीआरपी पहुंची ट्रेन रवाना हो चुकी थी। जीआरपी प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि घटना को लेकर उन्हें अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।