शराब छोड़ने की बात कहकर बीवी ने साथ चलने से इनकार किया तो शौहर ने जहर खा लिया। उलटियां होने पर ससुरालवालों ने एंबुलेंस बुलाई लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। उसके परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है लेकिन ससुर की तहरीर पर पुलिस ने आत्महत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के प्याना कलां निवासी राजूद्दीन सैफी की 35 वर्षीय पुत्री महरून की शादी कोतवाली देहात के जहाजपुर निवासी 44 वर्षीय बल्ले पुत्र महमूद से हुई थी। महरून की यह तीसरी शादी थी जबकि बल्ले की दूसरी शादी थी। दोनों के पहली शादियों से बच्चे भी हैं।
शनिवार दोपहर बल्ले अपनी बीवी महरून को ले जाने तीन बजे ससुराल पहुंचा। उसकी बीवी और ससुर ने पहले उसे शराब पीना छोड़ने की बात कही। नाराज होकर बल्ले वहां से चला गया। वह सात बजे दोबारा ससुराल पहुंचा। उसे उलटियां हो रही थीं।
ससुरालवालों ने तुरंत बुलंदशहर ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही बल्ले ने दम तोड़ दिया। सूचना पर बल्ले का परिवार भी प्याना कलां पहुंचा और उन्होंने ससुराल वालों पर बल्ले की हत्या का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष जनक सिंह चौहान ने बताया कि राजूद्दीन की तहरीर पर आत्महत्या की सूचना दर्ज की गई है।