स्कार्पियों में लिफ्ट देकर बदमाशों ने तमंचे के बल पर युवक से नगदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर युवक को रोडवेज बस अड्डे के पास फेंक दिया और भाग गए। युवक ने तहरीर दी है।
अलीगढ़ के पनैटी निवासी हितेश शनिवार सुबह गाजियाबाद से लौटने के लिए लालकुआं पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियों में सवार चार लोग रुके और हितेश से अलीगढ़ तक लिफ्ट देने की बात की। आरोपियों के झांसे में आकर हितेश गाड़ी में बैठ गया।
जैसे ही गाड़ी कुछ दूर गई स्कार्पियों में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर हितेश से 28 सौ रुपये नगदी और और मोबाइल लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट तथा घूंसों से मारपीट हितेश को घायल कर दिया।
खुर्जा पहुंचने पर बदमाश उसे रोडवेज बस अड्डे के पास कार से धक्का देकर भाग गए। आसपास के लोगों को युवक ने आपबीती बताई। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया मामला उनके संज्ञान में है।