मथुरा में एटा हाईवे पर मंगलवार तड़के चालक को बंधक बनाकर 120 बैग प्लास्टिक दाना सहित ट्रक लूट कर गाजियाबाद जा रहे चार बदमाशों को पुलिस ने चेकिंग के दौरान दबोच लिया। पूछताछ के दौरान लुटेरों ने 12 से अधिक वारदातों को खुलासा किया है।
कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि यह गिरोह यूपी सहित राजिस्थान, मध्य प्रदेश में हाईवे पर खड़े हुए मालवाहक वाहनों से माल चोरी करने के अलावा ओवरटेक कर चालक को बंधक बनाकर माल लूटता है।
मंगलवार तड़के एटा हाईवे पर ट्रक को ओवरटेक कर उन्होंने चालक गांव जुनेसपुर थाना सिकंदराऊ जनपद हाथरस निवासी कहेरी सिंह पुत्र करन सिंह को बंधक बना लिया। इसके ट्रक में लदा 120 बैग प्लास्टिक दाना लूटकर चालक को हाईवे किनारे फेंक दिया।
लूटे गए दाने को बेचने के लिए वह गाजियाबाद जा रहे थे। यहां कोतवाल जितेंद्र कुमार औद्योगिक क्षेत्र में चार नंबर पुलिया पर पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। उन्हें देखकर बदमाश कैंटर भगाने लगे तो पुलिस ने पीछा किया । इश पर कैंटर सवारों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने घेरकर कैंटर को कब्जे में लेते हुए उसमें सवार चार लोगों को हिरासत में ले लिया जबकि उनका एक साथी भाग निकला।
पूछताछ में उक्त लोगों ने अपना नाम गांव फुलडी जनपद हापुड़ निवासी आस मोहम्मद पुत्र मोमीन, सिभ्भावली निवासी शहजाद पुत्र मंजूर, पिलखुआ निवासी सलमान पुत्र रमजानी,गांव असीलपुर कस्बा किठौर जनपद मेरठ निवासी सोहेल पुत्र ताहिर बताया।
एसपी सिटी ने बताया कि लुटेरों ने यूपी के अलावा अन्य राज्यों में हाईवे पर लूट की कई वारदातों को कबूल किया है। पुलिस ने क तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, तीन चाकू, तार काटने वाला कटर भी बरामद किया है।