सिकंदराबाद। बदायूं से फल, सब्जी लेकर सिकंदराबाद नवीन मंडी आ रही मिनी ट्रक में रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में मिनी ट्रक में सवार तीन व्यापारी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
दुर्घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस में बैठी सवारियों को दूसरी बस से रवाना किया। मिनी ट्रक चालक ने बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
ग्राम दहगंवा थाना जरीफ नगर जनपद बदायूं निवासी प्रेम सिंह पुत्र धनीराम ने बताया कि रविवार रात वह अपनी मिनी ट्रक में व्यापारी सहसवान बदायूं निवासी अनिल पुत्र शिवनारायण, फतेहपुर बदायूं निवासी राजू पुत्र तेजपाल, अमर सिंह पुत्र पीतांबर सिंह की सब्जी और फल लेकर सिकंदराबाद नवीन मंडी आ रहा था।
तड़के करीब 3.30 बजे एनएच-91 पर पेट्रोल पंप के पास गाड़ी खड़ी करके वह लघुशंका करने के लिए चला गया। इसी दौरान बुलंदशहर की ओर से आर रही उरई डीपो की रोडवेज बस ने उसकी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी।
दुर्घटना में उसकी गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और गाड़ी में बैठे अनिल, राजू, अमर सिंह घायल हो गए। एसआई धमेंद्र गौतम ने बताया कि दुर्घटना के बाद रोडवेज चालक भाग गया। बस को कब्जे में ले लिया गया है।
मिनी ट्रक चालक की तहरीर पर रोडवेज चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।