एक राइस मिल पर छापामारी कर की जा रही बड़ी हेराफेरी पकड़ में आई है। वाणिज्य कर विभाग की टीम ने मिल के दस्तावेज सीज कर दिए हैं। स्टॉक को दिल्ली ट्रांसफर दिखाकर बड़ी मात्रा में टैक्स चोरी की जा रही थी।
सिकंदराबाद स्थित राइस मिल पर वाणिज्यकर विभाग के 10 अफसरों की टीम ने ज्वाइंट कमिश्नर वीपी कटियार के नेतृत्व में सोमवार को छापामारी की। मिल संचालक द्वारा माल का स्टॉक दिल्ली ट्रांसफर दिखाया जा रहा था। दिल्ली में टैक्स की छूट के कारण स्टॉक ट्रांसफर दर्शाया जा रहा था, जबकि वास्तविक रूप से माल की बिक्री की जा रही थी।
टीम ने छापामारी के दौरान मिल के तमाम दस्तावेजों को जब्त कर लिया। इसके अलावा तीन सीपीयू और दो लैपटॉप भी सीज कर दिए गए। शुरूआती जांच में करीब आठ करोड़ रुपये की टैक्स हेराफेरी सामने आई है। विभागीय अफसर जब्त दस्तावेजों के आधार पर जांच में जुटे हैं। माना जा रहा है कि टैक्स चोरी का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
फैक्ट्री पर छापामारी के बाद जब्त रिकॉर्ड में करीब 25 व्यापारियों के नाम सामने आए हैं। ये टैक्स चोरी के खेल में लिप्त रहे हैं। बुलंदशहर, पहासू, जहांगीराबाद, डिबाई अनाज मंडी के कई दर्जन व्यापारी अफसरों के रडार पर हैं। इनके द्वारा टैक्स चोरी कर धान को राइस मिल तक पहुंचाया गया।
सिकंदराबाद स्थित राइस मिल संचालक द्वारा की जा रही करीब आठ करोड़ रुपये की टैक्स चोरी पकड़ में आई है। छापामार कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री के तमाम दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया है। दर्जनों मंडी व्यापारियों की साठगांठ का भी खुलासा हुआ है।
वीपी कटियार, ज्वाइंट कमिश्नर, सेल्स टैक्स