बाजार से घर लौट रही युवती को अपने घर में खींच कर मोहल्ले के ही युवक ने रेप किया और जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। बृहस्पतिवार दोपहर हुई वारदात का पता परिजनों को देर रात चला जब पीड़िता ने उन्हें आपबीती सुनाई। उसकी मां ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई।
महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर उसने अपनी 19 वर्षीय बेटी को बाजार से सामान लाने के लिए भेजा था। लौटते समय मोहल्ले के ही युवक पप्पू पुत्र हनीफ ने उसे अपने घर में खींच लिया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बलात्कार किया। साथ ही किसी को बताने पर हत्या की धमकी दी।
युवती घर पहुंचने पर उदास रहने लगी। बृहस्पतिवार रात अचानक वह रोने लगी। परिजनों ने कारण पूछा तो उसने आपबीती बताई। जब आरोपी के परिजनों से इस संबंध में शिकायत की तो उन्होंने भी जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद पीड़िता कोतवाली पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। सीओ सिटी हिमांशु गौरव ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवती लापता, अपहरण की आंशका
खुर्जा। क्षेत्र के गांव में एक युवती संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों अपहरण की आशंका जताते हुए दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। गांव निवासी युवती बृहस्पतिवार शाम किसी काम से घर से बाहर गई थी। काफी देर तक जब वह नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित परिजनों ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस युवती की तलाश में जुट गई है।