परिजनों के साथ पुलिस की पिटाई से घायल ड्राइवर
- फोटो : अमर उजाला
बुलंदशहर। खानपुर थाना क्षेत्र में रोडवेज बस के चालक को तेज स्पीड से चलाने का आरोप लगाकर दो सिपाहियों ने बुरी तरह पीटा। आरोपी पुलिस वालों ने रायफल की बट चालक के सिर में मारकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने बीचबचाव कर चालक को बचाया।
पीड़ित चालक ने थाने में तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। पीड़ित ने एसएसपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। खानपुर थाना क्षेत्र के जाड़ौली गांव निवासी संजय सिंह पुत्र जगपाल सिंह ने एसएसपी को दी तहरीर में उल्लेख किया है कि वह उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में संविदाकर्मी ड्राइवर है।
खानपुर से नोएडा रूट पर बस चलाता है। 12 जुलाई की शाम करीब 7.30 बजे बस को नोएडा से वापस खानपुर जा रहा था। श्यौरामपुर गांव के पास पहुंचा तो पीछे से बस को जाड़ौल चौकी पर तैनात दो सिपाहियों ने ओवरटेक कर रोक लिया।
आरोप है कि सिपाहियों ने उसे तेज स्पीड में बस चलाने के आरोप में पिटना शुरू कर दिया। आरोपी सिपाहियों ने रायफल की बट सर में मारकर घायल कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।
गांव के लोगों ने बीच बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित का आरोप है कि जब वह थाने पर तहरीर लेकर गया तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसएसपी ने पीड़ित को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।