अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विरोध करने पर व्यापारियों पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं। दो को हिरासत में लिया तो व्यापारियों ने दुकानें बंद कर कालाआम पुलिस चौकी का घेराव कर चौराहे पर घंटेभर जाम लगाया । इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ भी हुई। सूचना पर पहुंचे अफसरों से व्यापारियों की तीखी नोकझोंक हुई।
काफी देर बाद हिरासत में लिए गए व्यापारियों की रिहाई पर व्यापारी शांत हुए। कालाआम चौराहे से काली नदी रोड तक चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अल्पना टॉकीज के सामने पालिकाकर्मियों की व्यापारियों में नोंकझोंक हुई। आरोप है कि व्यापारियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया जिस पर पालिका कर्मी भड़क उठे।
हाथापाई होने लगी तो पालिका की टीम के साथ मौजूद पुलिसकर्मी एक्शन में आ गए। पुलिसकर्मियों ने व्यापारियों पर लाठियां बरसाईं। इससे भगदड़ मच गई। आरोप है कि पुलिस वाले शहजाद और शाहिद नाम के दो व्यापारियों को लाठियों से पीटते हुए कोतवाली ले गए।
इस पर व्यापारी नेता नरेंद्र अग्रवाल, विकास शर्मा समेत सैकड़ों व्यापारियों ने दुकानें बंद कर कालाआम पुलिस चौकी का घेराव करते हुए चौराहे पर जाम लगा दिया। सरकारी गाड़ियों के अलावा कई निजी गाड़ियों पर पथराव कर उनके शीशे तोड़ दिए गए।
आनन-फानन में एसपी सिटी मान सिंह चौहान, एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर सुनील कुमार, सीओ सिटी डॉ. धर्मेन्द्र यादव, कोतवाली देहात अमरेश कुमार समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अफसरों की व्यापारियों से जमकर नोंकझोंक हुई। काफी देर बाद दोनों व्यापारियों को छोड़ने पर ही मामला शांत हो सका।
तीन व्यापारियों पर एफआईआर, दुकानें होंगी निरस्त
अतिक्रमण हटाने का विरोध करने पर नगर पालिका अफसरों ने तीन व्यापारियों पर सरकारी काम में बाधा की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पालिका अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की दुकानों के आवंटन निरस्त करेगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हुए हंगामे के बाद अब पालिका की दुकानों के व्यापारियों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। ईओ ने तीन व्यापारियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट नगर कोतवाली में दर्ज कराई है।
नगर पालिका ईओ एके सिंह की तहरीर पर मोबाइल विक्रेता कपिल अग्रवाल, सिंह टायर हाउस और एक मैकेनिक संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नगर पालिका उन सभी दुकानदारों के आवंटन भी निरस्त करेगी। गौरतलब है कि रविवार को अभियान के दौरान जिस जगह हंगामा हुआ, वह सभी दुकान नगर पालिका की हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर पालिका ने अभियान चलाया। कुछ व्यापारियों ने हिंसक तरीके से इसका विरोध किया। कर्मियों से अभद्रता की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। अरविंद मिश्रा, एडीएम प्रशासन
कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। व्यापारी हों या कोई और, किसी को भी कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। -मान सिंह चौहान, एसपी सिटी
अतिक्रमण कर रहे व्यापारियों द्वारा कर्मियों से अभद्रता की गई। उन्हें जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। सरकारी काम में बाधा डाली गई। तीन व्यापारियों को चिह्नित कर एफआईआर दर्ज कराई गई है। इनके आवंटन भी निरस्त किए जाएंगे। इसके अलावा जो व्यापारी अतिक्रमण करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -एके सिंह, ईओ, नगर पालिका