पावर कारपोरेशन में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। चौराहे के चौड़ीकरण के तहत लाइन शिफ्टिंग के दौरान उतारा गया लाखों रुपये का कॉपर का तार जेई ने अफसरों की मिलीभगत से बेच दिया। अब पूरे मामले पर एसई ने जांच के आदेश दिए हैं।
नगर के कालाआम चौराहे के चौड़ीकरण के कारण कालाआम से मलका पार्क तक जा रही 33 केवीए लाइन को शिफ्ट की गई थी। शिफ्टिंग के बाद वर्षों पुराने कॉपर तार को उतारकर एबीसी लाइन डाली गई। उतारा गया करीब पांच लाख रुपये का कॉपर का तार स्टोर में जमा करने की जगह जेई ने अफसरों की मिलीभगत से इसे बाजार में बेच डाला।
अब पूरा मामला खुलने के बाद अफसरों में हड़कंप मच गया है। एसई ने पूरे मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
24 खंभों से तार चोरी, 25 गांवों की आपूर्ति ठप
खुर्जा। जरारा फीडर से जुड़े 24 खंभों के तार चोरों ने चोरी कर लिए। इससे 25 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने मौका मुआयना कर थाने में तहरीर दी है। जरारा फीडर से अरनिया क्षेत्र के करीब 25 गांव जुड़े हैं। जहां से विद्युत सप्लाई की जाती है।
रविवार रात चोरों ने धरपा गांव के निकट करीब 24 खंभों से हाईटेंशन विद्युत तार चोरी कर लिए। इससे अरनिया क्षेत्र के नारायणपुर, कमालपुर, नगलिया, भोगपुर, भुल्लनगढ़ी समेत कई गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने जब देखा तो विद्युत निगम के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। एक्सईएन रामबाबू ने बताया कि िद्युत आपूर्ति सुचारु करने के लिए नए विद्युत तार लगाए जाएंगे। इसमें एक दो दिन का समय लग जाएगा।
19 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी
शिकारपुर। कैलावन विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में विद्युत विभाग की टीम ने रजपुरा व खंडवाया गांव में छापा मारकर 19 स्थानों पर विद्युत चोरी पकड़ी। प्रभारी जेई राजेश कुमार शर्मा ने 19 के खिलाफ विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।