देहात थाना क्षेत्र के शहबाजपुर दौलत गांव में खेत से लौट रही युवती पर अश्लील कमेंट्स करने पर दो पक्षों में खुनी संघर्ष हो गया। इस पथराव-मारपीट में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। इनमें से चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
क्षेत्र के एक गांव में युवती शाम को खेत से लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने युवती पर अश्लील कमेंट्स कर दिए। घर पहुंचकर युवती ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद गुस्साए परिजन जब शिकायत करने आरोपी के घर पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोग गलती मानने की बजाए युवती के परिजनों से भिड़ गए।
देखते ही देखते मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों की ओर से पथराव और लाठियां चलने लगी। इसके चलते ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। विवाद की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों में राधेश्याम, श्यामवीर, रजनी, टीकत, सोमपाल, मुकुट समेत दस घायल हो गए है। एसओ देहात राजेश यादव ने बताया तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कर्रवाई की जाएगी।